डीसी ने विभागों-संस्थानों को दिए रक्तदान के लक्ष्य, बेहतर योगदान पर होगा सम्मान।
पाकुड़। किसी सड़क हादसे में घायल मरीज हो या थैलेसीमिया से जूझ रहा मरीज… समय पर मिला एक यूनिट रक्त किसी की जिंदगी बचा सकता है। इसी जरूरत को देखते हुए जिले में विशेष रक्तदान अभियान शुरू किया जा रहा है। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अभियान की तैयारियों की समीक्षा की।
जिला स्वास्थ्य समिति की ओर से 18, 24 और 28 सितंबर को पाकुड़ ब्लड बैंक में विशेष रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों और संस्थानों को रक्तदान का लक्ष्य दिया गया है। डीसी ने अधिकारियों को अपने-अपने विभागों में लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने और निर्धारित लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने चैंबर ऑफ कॉमर्स, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और आम लोगों से भी अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। डीसी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं, थैलेसीमिया, एनीमिया और अन्य गंभीर परिस्थितियों में मरीजों को तत्काल रक्त की जरूरत पड़ती है। ऐसे में नियमित रक्तदान से जिले में रक्त की उपलब्धता बनाए रखने में मदद मिलेगी।
रक्तदाताओं को मिलेगा प्रमाण-पत्र
अभियान में बेहतर योगदान देने वाले रक्तदाताओं और संस्थाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा। रक्तदान करने वालों को प्रमाण-पत्र दिया जाएगा, जबकि उत्कृष्ट योगदान देने वाले रक्तदाताओं और संस्थाओं को सम्मानित भी किया जाएगा। डीसी ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का ऐसा कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में सीधी मदद मिल सकती है।





