Search

September 16, 2026 8:46 pm

दहेज प्रताड़ना के बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, पिता ने लगाया हत्या का आरोप।

एक दिन पहले मायके से समझाकर ससुराल भेजी थी बेटी, दो दिन बाद फंदे से लटकने की मिली खबर; पुलिस ने दर्ज किया केस।

इकबाल हुसैन

महेशपुर/पाकुड़। बिरकिट्टी गांव की 22 वर्षीय विवाहिता नाहिदा खातून की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मामला गरमा गया है। मृतका के पिता मिलन शेख ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए बेटी को प्रताड़ित करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई है। मामले में रद्दीपुर ओपी में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पिता के अनुसार, नाहिदा की शादी पलसा गांव निवासी मिलन शेख से हुई थी। आरोप है कि शादी के करीब एक साल बाद से पति, ससुर, देवर और देवर की पत्नी दहेज की मांग को लेकर उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट करते थे। दहेज नहीं लाने पर उसे जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप है। 12 सितंबर की शाम नाहिदा ने फोन कर ससुराल में मारपीट की जानकारी दी थी। अगले दिन वह अपने पति के साथ मायके पहुंची। परिजनों ने दोनों को समझाया और वापस ससुराल भेज दिया। लेकिन 15 सितंबर को नाहिदा के देवर ने फोन कर बताया कि उसने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। बाद में परिजनों को उसकी मौत की सूचना दी गई। घटना के बाद पिता ने बेटी की मौत पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका आरोप है कि लगातार प्रताड़ना की शिकायत के बाद हुई मौत की परिस्थितियों की जांच जरूरी है।
पुलिस ने आवेदन के आधार पर महेशपुर (रद्दीपुर ओपी) थाना कांड संख्या 158/2026, दिनांक 16 सितंबर 2026 दर्ज किया है। प्राथमिकी बीएनएस की धारा 103(1)/3(5) के तहत दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत का वास्तविक कारण और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!