अक्षय कुमार
रांची। मानवीय संवेदनाओं, सामाजिक उत्तरदायित्व और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को केंद्र में रखते हुए आरकेडीएफ विश्वविद्यालय, रांची में कुलाधिपति डॉ. साधना कपूर के जन्मदिन के अवसर पर विभिन्न सेवा एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जन्मदिन के इस विशेष अवसर को विश्वविद्यालय परिवार ने समाज के प्रति समर्पण और सेवा भावना के साथ मनाया।

कार्यक्रम की प्रमुख कड़ी के रूप में रिम्स रांची के तत्वावधान में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव जीवन की रक्षा में अपना योगदान दिया। इस अवसर पर रक्तदान को महादान बताते हुए समाज के लोगों को भी नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया। इसी क्रम में विश्वविद्यालय परिसर में भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा- अर्चना का आयोजन किया गया। शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने श्रद्धापूर्वक पूजा में भाग लिया और ज्ञान, कौशल, तकनीक, श्रम एवं सृजन के प्रतीक भगवान विश्वकर्मा से संस्थान की निरंतर प्रगति, समृद्धि एवं सफलता की कामना की।

जन्मदिन समारोह को सामाजिक सेवा से जोड़ते हुए गौशाला एवं मूक-बधिर विद्यालय में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों ने वहां पहुंचकर सेवा, सहयोग एवं संवेदना का परिचय दिया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।






