9 से 14 सितंबर के बीच ठगों ने यूपीआई के जरिए अलग-अलग किश्तों में खाते से उड़ाई रकम
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। साइबर ठगों ने 3 हजार रुपये गलती से खाते में भेजे जाने का झांसा देकर करियोडीह गांव निवासी 73 वर्षीय प्रतुल कुमार साहा के खाते से 4 लाख 81 हजार 892 रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर लिट्टीपाड़ा पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 9 से 14 सितंबर के बीच अज्ञात नंबरों से उन्हें फोन आया। कॉल करने वालों ने कहा कि उनके खाते में गलती से 3 हजार रुपये ट्रांसफर हो गए हैं। रकम वापस करने की प्रक्रिया के नाम पर ठगों ने उन्हें यूपीआई के जरिए अलग-अलग प्रक्रिया पूरी करने के लिए कहा। इसी दौरान अलग-अलग किश्तों में खाते से कुल 4,81,892 रुपये की निकासी कर ली गई। खाते से बड़ी रकम निकलने का पता चलने पर बुजुर्ग ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी विवेक कुमार ने बताया कि मोबाइल नंबरों और बैंक खातों में हुए ट्रांजैक्शन की जांच की जा रही है।





