अमर भगत
अमड़ापाड़ा/पाकुड़। थाना क्षेत्र की सिगारसी पंचायत के छोटा कुसकुट्टा गांव में ग्राम प्रधान छोटा बाबना पहाड़िया (60) की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी अनूप रौशन भेंगरा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पाकुड़िया थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, महेशपुर थाना प्रभारी रवि शर्मा की टीम के साथ टेक्निकल सेल के पप्पू कुमार और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल की बारीकी से जांच की और साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार हत्या के कारणों और घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस ने जल्द मामले का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है। जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी जाएगी।






