Search

September 22, 2026 12:38 am

पुलिस को देखते ही कोयला लदे साइकिल-ठेला छोड़ भागे तस्कर।

इकबाल हुसैन

महेशपुर। थाना क्षेत्र के देवपुर गांव स्थित मिशन के समीप पुलिस ने अवैध कोयला तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब पांच क्विंटल अवैध कोयला लदी तीन साइकिल और एक ठेला जब्त किया है। पुलिस को देखते ही चालक साइकिल व ठेला सड़क किनारे छोड़कर खेतों की ओर भाग निकले। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि शहरग्राम-जियापानी मार्ग से तीन साइकिल और एक ठेले पर अवैध कोयला लादकर महेशपुर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर एएसआई अरविंद राय पुलिस बल के साथ देवपुर मिशन के पास पहुंचे। इसी दौरान पुलिस टीम ने कोयला लदी तीन साइकिल और एक ठेला देखा। पुलिस को करीब 50 मीटर दूर से देखते ही चालक साइकिल व ठेला छोड़कर चेहरे पर गमछा बांधते हुए खेत की ओर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया, लेकिन सभी फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने जब्त कोयला, तीन साइकिल और ठेले को थाना परिसर में रखा है। मामले में एएसआई अरविंद राय के फर्द बयान पर अज्ञात चालकों के खिलाफ महेशपुर थाना कांड संख्या 160/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 317(5)/3(5) तथा कोल माइंस एक्ट की धारा 30(ii) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी एएसआई किशोर टुडू को दी गई है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!