हिरणपुर (पाकुड़)। शहरग्राम मुख्य पथ पर डांगापाड़ा चौक के समीप मंगलवार शाम ईंट लदे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से 52 वर्षीय पुसू ठाकुर की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में बंगाल निवासी मैनुद्दीन शेख भी मामूली रूप से घायल हो गए। मृतक हिरणपुर थाना क्षेत्र के कदमटोला गांव का निवासी था। जानकारी के अनुसार, वह अपनी बेटी के घर शहरग्राम जा रहा था। इसी दौरान शहरग्राम की ओर जा रहे ईंट लदे ट्रक (बीआर 10 जीबी 0579) ने उसे कुचल दिया। हादसा इतना गंभीर था कि पुसू ठाकुर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। बताया जाता है कि मृतक बेहद गरीब परिवार से था और उसकी छह पुत्रियां हैं। परिवार के मुखिया की असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह एवं एएसआई ज्योतिष चौधरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आक्रोशित लोगों और मृतक के परिजनों से बातचीत कर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया। वहीं, पुलिस दुर्घटना की जांच में जुट गई।
समाचार लिखे जाने तक ग्रामीण सड़क पर जमे हुए थे और मुआवजे की मांग को लेकर जाम जारी था। शव भी घटनास्थल पर ही पड़ा था।







