अमड़ापाड़ा/पाकुड़ : आधी रात, प्रसव पीड़ा से कराहती महिला और एम्बुलेंस की अनुपलब्धता… ऐसे मुश्किल वक्त में जेकेएलएम के केंद्रीय महासचिव विष्णु पहाड़िया ने इंसानियत की मिसाल पेश की। अपनी नींद और आराम की परवाह किए बिना वे सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे और गर्भवती महिला को अपनी गाड़ी से अस्पताल ले जाने की पहल की। उनकी तत्परता से मां और नवजात को समय पर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने में मदद मिली।
मामला अमड़ापाड़ा प्रखंड की सिंगारसी पंचायत के चाभी गांव का है। जानकारी के अनुसार, गांव की सुमन पहाड़िन को रात करीब डेढ़ बजे अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजनों ने एम्बुलेंस की व्यवस्था करने का प्रयास किया, लेकिन उपलब्धता नहीं होने से परेशानी बढ़ गई। सूचना मिलते ही विष्णु पहाड़िया अपने सहयोगियों के साथ पहुंचे और महिला को निजी वाहन से फतेहपुर सीएचसी ले जाने लगे। इसी दौरान रास्ते में ही महिला ने नवजात को जन्म दिया। इसके बाद दोनों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। विष्णु पहाड़िया ने कहा कि दूरदराज और आदिम जनजाति बहुल गांवों में आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी आज भी गंभीर समस्या बनी हुई है। रात के समय एम्बुलेंस नहीं मिलना ग्रामीणों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। स्वास्थ्य विभाग को इस दिशा में ठोस पहल करनी चाहिए।जेकेएलएम नेता मार्क बास्की ने विष्णु पहाड़िया और उनके सहयोगियों के प्रयास की सराहना करते हुए इसे सच्ची मानवता बताया। वहीं, जिला सचिव जहांगीर अंसारी ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकारी दावों के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में एम्बुलेंस, चिकित्सक और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं हो पा रही है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से जमीनी स्तर पर व्यवस्था सुधारने की मांग की।





