पाकुड़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर सोमवार शाम करीब 6 बजे यशवंतपुर-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 15228) के पहुंचने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रेन से गिरने के कारण एक युवक का दाहिना हाथ शरीर से अलग हो गया। हादसे के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के अनुसार घायल युवक की पहचान इस्लामपुर निवासी अरमान शेख, पिता दिलबर शेख के रूप में हुई है। बताया गया कि अरमान ट्रेन के गेट के पास बैठा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह ट्रेन से नीचे गिर गया और पहिए की चपेट में आने से उसका दाहिना हाथ कटकर अलग हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद करते हुए घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल, पाकुड़ पहुंचाया। यहां उसका उपचार शुरू किया गया। उसकी स्थिति को लेकर चिकित्सकों की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई थी।
हादसे की वजह स्पष्ट नहीं
हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक ट्रेन के गेट के पास बैठा था और संतुलन बिगड़ने के बाद नीचे गिर गया। रेलवे और पुलिस की जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।








