मारवाड़ी महिला समिति का भव्य आयोजन, गणेश वंदना से हुई शुरुआत; गुजराती व्यंजनों और मनोरंजक खेलों ने बढ़ाया उत्साह।
पाकुड़। नवरात्र का उल्लास, डांडिया की खनक और गरबा की थाप। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं की उमंग ने शनिवार को पाकुड़ के अग्रसेन भवन को गुजरात के रंग में रंग दिया। मारवाड़ी महिला समिति की ओर से आयोजित गरबा-डांडिया उत्सव में शहर की महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। पारंपरिक गुजराती गीतों पर थिरकते कदमों ने ऐसा समां बांधा कि पूरा परिसर उत्सव की खुशियों से सराबोर हो उठा।
मारवाड़ी धर्मशाला स्थित अग्रसेन भवन में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत बच्चियों की गणेश वंदना और पारंपरिक नृत्य से हुई। इसके बाद गरबा और डांडिया का सिलसिला शुरू हुआ। पारंपरिक वेशभूषा, आकर्षक नृत्य और संगीत की धुनों ने कार्यक्रम को खास बना दिया। महिलाओं ने एक-दूसरे के साथ कदम मिलाते हुए नवरात्र के उल्लास को यादगार बनाया।
नृत्य-संगीत के साथ स्वाद का भी संगम
उत्सव में गरबा-डांडिया के साथ गुजराती खान-पान भी आकर्षण का केंद्र रहा। फूड स्टॉल पर महिलाओं ने विभिन्न व्यंजनों का आनंद लिया। वहीं, मनोरंजक खेलों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। उत्सव के दौरान सांस्कृतिक परंपराओं के साथ आपसी मेलजोल और एकजुटता की झलक भी देखने को मिली।
समिति की सदस्यों ने संभाली आयोजन की कमान।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मारवाड़ी महिला समिति की अध्यक्ष क्षमा टेबरीवाल, प्रीति टेबरीवाल, आंचल टेबरीवाल, माधुरी दुकानिया, अर्चना टेबरीवाल, पिंकी अग्रवाल, चंदा अग्रवाल और रेनू अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने एक-दूसरे को शारदीय नवरात्र की शुभकामनाएं दीं। सांस्कृतिक रंगों और उल्लास से सजी इस शाम ने पाकुड़ में गुजरात की लोक परंपरा की खूबसूरत झलक पेश की।






