Search

October 11, 2026 9:56 pm

सड़कों पर बह रहा पीने का पानी, जिम्मेदारों की चुप्पी पर उठे सवाल

कोर्ट परिसर, अटल चौक और राज हाई स्कूल रोड पर पानी का रिसाव; रोजाना हजारों लीटर पानी बर्बाद होने से लोग परेशान

पाकुड़। शहर में एक ओर पेयजल संकट की आशंका और जल संरक्षण की जरूरत पर जोर दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर पाइपलाइनों से निकलकर कीमती पेयजल सड़कों पर बह रहा है। कोर्ट परिसर, अटल चौक और राज हाई स्कूल रोड जैसे प्रमुख इलाकों में पानी का रिसाव लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। सड़कों पर बहते पानी को देखकर नगर परिषद की जलापूर्ति व्यवस्था और मरम्मत की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। शहर के कोर्ट परिसर और अटल चौक के आसपास सुबह जलापूर्ति शुरू होते ही पाइपलाइनों से पानी निकलकर सड़कों पर बहने लगता है। इससे सड़कें पानी से लबालब हो जाती हैं और राहगीरों तथा वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। दोपहिया वाहनों के गुजरने से पानी के छींटे राहगीरों के कपड़ों पर पड़ते हैं। राज हाई स्कूल रोड पर भी सड़क पर पानी बहने की समस्या सामने आ रही है।

रोजाना की बर्बादी पर कार्रवाई कब?

पेयजल की एक-एक बूंद बचाने की जरूरत के बीच सड़कों पर पानी का इस तरह बहना व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। यदि समय रहते पाइपलाइन के रिसाव की मरम्मत नहीं की गई, तो पानी की बर्बादी लगातार जारी रह सकती है। वहीं, सड़क पर जमा पानी से आवागमन में परेशानी होने के साथ सड़क की स्थिति भी प्रभावित होने की आशंका है।

अधिकारियों की नजर क्यों नहीं पड़ रही?

कोर्ट परिसर और अटल चौक शहर के प्रमुख और व्यस्त इलाके हैं। इन सड़कों से नगर परिषद के अधिकारियों और कर्मियों का भी नियमित आवागमन होता है। इसके बावजूद पानी के रिसाव की समस्या दूर नहीं होने से लोगों के बीच सवाल उठ रहे हैं कि आखिर इस ओर ध्यान क्यों नहीं दिया जा रहा है। अब जरूरत है कि नगर परिषद की ओर से संबंधित पाइपलाइनों की जांच कराई जाए और रिसाव वाले स्थानों की शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित की जाए। साथ ही, पेयजल की बर्बादी रोकने के लिए नियमित निगरानी की व्यवस्था भी की जाए, ताकि लोगों को परेशानी से राहत मिले और कीमती पानी व्यर्थ बहने से बचाया जा सके।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!