जामकनाली के पास देर रात छापेमारी, वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज
अमर भगत।
वन विभाग ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन मोटरसाइकिल और सात बोटा सागवान लकड़ी जब्त की है। वन प्रमंडल पदाधिकारी, पाकुड़ को मिली गुप्त सूचना के आधार पर विशेष टीम ने 12 अक्टूबर की देर रात करीब एक बजे अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के जामकनाली गांव के समीप छापेमारी की। कार्रवाई के बाद अवैध लकड़ी कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप है। वन क्षेत्र पदाधिकारी बबलू कुमार देहरी के नेतृत्व में गठित टीम ने छापेमारी के दौरान अवैध रूप से परिवहन की जा रही सागवान लकड़ी और उसे ढोने में इस्तेमाल की जा रही तीन मोटरसाइकिलों को जब्त किया। वन विभाग ने जब्त लकड़ी और वाहनों के संबंध में भारतीय वन अधिनियम, 1927 की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है और तस्करी में संलिप्त लोगों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
तस्करी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई।
वन क्षेत्र पदाधिकारी बबलू कुमार देहरी ने कहा कि वन संपदा की सुरक्षा विभाग की प्राथमिकता है। अवैध कटाई, लकड़ी की तस्करी और परिवहन में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए छापेमारी और निगरानी अभियान लगातार जारी रहेगा।
कार्रवाई में प्रधान वनरक्षी सुनील कुमार साहा, अनुपम कुमार यादव सहित गृहरक्षक और अन्य वनकर्मी शामिल थे।





