Search

October 14, 2026 10:44 pm

प्रशासन की हरी झंडी, 16 से हिरणपुर में सजेगा डांडिया उत्सव।

तीन दिन तक कोलकाता की टीम बिखेरेगी जलवा, छह शर्तों के साथ मिली अनुमति

हिरणपुर (पाकुड़)। हिरणपुर में डांडिया उत्सव आयोजन का रास्ता साफ हो गया है। अनुमंडल दंडाधिकारी ने 13 अक्टूबर को सरकारी मवेशी हाट परिसर में 16 से 18 अक्टूबर तक कार्यक्रम आयोजित करने की सशर्त अनुमति दे दी। इससे आयोजक समिति में खुशी है। समिति के रोहित आनंद को जारी निर्देश के अनुसार, बजरंगबली मंदिर के दाहिनी ओर निर्धारित स्थल पर कार्यक्रम होगा। प्रशासन ने हाट व्यवस्था और सरकारी राजस्व प्रभावित नहीं होने, वाहनों की पार्किंग सुचारु रखने, कार्यक्रम के बाद परिसर की साफ-सफाई सुनिश्चित करने, अश्लील गाने व भड़काऊ भाषण पर रोक, राजनीतिक दलों के बैनर-पोस्टर नहीं लगाने तथा 15 अक्टूबर को हाट समाप्त होने के बाद ही तैयारी शुरू करने समेत छह शर्तें रखी हैं। गौरतलब है कि इससे पहले 12 अक्टूबर को अंचलाधिकारी की जांच रिपोर्ट के आधार पर मवेशी हाट में संभावित अव्यवस्था और दुर्गापूजा के दौरान पार्किंग की समस्या का हवाला देते हुए कार्यक्रम पर रोक लगाई गई थी। अब शर्तों के साथ अनुमति मिलने के बाद तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजक रोहित आनंद ने बताया कि तीन दिवसीय उत्सव में कोलकाता की टीम भव्य प्रस्तुति देगी। कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!