पिछड़े जिले के एक समाजसेवी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया झारखंड का मान, लंदन में मिला सम्मान
पाकुड़- सपनों को उड़ान देने के लिए बड़े शहरों की चमक-दमक नहीं, बल्कि मजबूत इरादों और समाज के प्रति समर्पण की जरूरत होती है। इस बात को साबित किया है झारखंड के पाकुड़ जिले के विख्यात समाजसेवी लुत्फल हक ने। अपनी सामाजिक सक्रियता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता के दम पर उन्होंने अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी एक अलग पहचान बनाई है।
यूनाइटेड किंगडम की राजधानी लंदन स्थित प्रतिष्ठित हाउस ऑफ लॉर्ड्स के चर्चिल हॉल में आयोजित जी मीडिया ग्लोबल इन्नोवेशन एंड लीडरशिप समिट में लुत्फल हक को उनके सामाजिक कार्यों के लिए प्रतिष्ठित सोशल वर्कर अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत प्रयासों की पहचान है, बल्कि पाकुड़ और पूरे झारखंड के लिए भी गौरव का विषय है।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकुड़ की प्रतिभा का सम्मान—
इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में भारत के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय सफलता हासिल करने वाले लगभग 20 चुनिंदा व्यक्तियों को आमंत्रित किया गया था। इनमें झारखंड के पिछड़े जिले पाकुड़ से लुत्फल हक का चयन होना विशेष महत्व रखता है।कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि हाउस ऑफ लॉर्ड्स की सदस्य बैरोनेस संदीप वर्मा,ब्रिटिश सांसद गगन मोहिंद्रा,कमिश्नर विकास के. ठाकुर, अखंड स्वामी जी महाराज,चैंबर ऑफ कॉमर्स के पूर्व चेयरमैन विजय गोयल और यूके के भाजपा सलाहकार सुरेश मंगलागिरी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।इन्हीं विशिष्ट अतिथियों के हाथों लुत्फल हक को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने उनके सामाजिक कार्यों और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की।
पाकुड़ से लंदन तक पहुंची समाजसेवा की पहचान—
कार्यक्रम के दौरान लुत्फल हक ने अब तक किए गए अपने सामाजिक कार्यों और जनहित से जुड़े प्रयासों की जानकारी अतिथियों के समक्ष रखी। उनके कार्यों को सुनकर उपस्थित गणमान्य लोगों ने प्रशंसा व्यक्त की।
इस अवसर पर भारत और लंदन के कई उद्योगपति,उद्यमी तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिष्ठित लोग भी उपस्थित थे।
लुत्फल हक का यह सम्मान इस बात का संदेश देता है कि समाज के लिए ईमानदारी से किया गया प्रयास सीमाओं का मोहताज नहीं होता। एक छोटे और पिछड़े जिले से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचना अपने आप में प्रेरणादायक उपलब्धि है।
देश-विदेश में मिल चुके हैं दर्जनों सम्मान—
लुत्फल हक के लिए यह उपलब्धि पहली नहीं है। इससे पहले भी उन्हें सामाजिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान के लिए दुबई,सिंगापुर,मलेशिया,चीन और भारत के मुंबई, बेंगलुरु तथा कोलकाता जैसे शहरों में विभिन्न सम्मानों से नवाजा जा चुका है।लगातार मिल रहे ये सम्मान उनके सामाजिक सफर की पहचान बन चुके हैं.







