Search

October 28, 2026 1:31 am

सरकारी निविदा प्रक्रिया पर उठे सवाल, जांच की मांग

आजसू पार्टी ने उपायुक्त को सौंपा आवेदन, छोटे और स्थानीय संवेदकों को पर्याप्त अवसर देने की उठाई मांग

पाकुड़। ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, पाकुड़ की निविदा प्रक्रिया को लेकर आजसू पार्टी ने सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पार्टी के कार्यकारी जिला अध्यक्ष आलोक जॉय पॉल ने सोमवार को उपायुक्त को आवेदन देकर निविदा संख्या RDSLP/PAKUR/04/2026-27 की शर्तों और कार्यों के समूहीकरण की समीक्षा करने का आग्रह किया है। आवेदन में कहा गया है कि 22 अक्टूबर को प्रकाशित निविदा की निर्धारित शर्तों के कारण छोटे और स्थानीय संवेदकों को प्रतिस्पर्धा में शामिल होने में कठिनाई हो सकती है। इससे स्थानीय संवेदकों को समान अवसर मिलने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित होने पर असर पड़ने की आशंका जताई गई है।
आजसू पार्टी ने उपायुक्त से निविदा प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित विभाग से अभिलेख और स्पष्टीकरण प्राप्त करने तथा कार्यों की प्रकृति, लागत और तकनीकी आवश्यकताओं के आधार पर नियमानुसार प्रत्येक कार्य के लिए अलग-अलग निविदा आमंत्रित करने पर विचार करने की मांग की है। पार्टी ने यह भी आग्रह किया है कि निविदा की शर्तें पारदर्शी और निष्पक्ष हों, ताकि योग्य छोटे एवं स्थानीय संवेदकों को भी भागीदारी का पर्याप्त अवसर मिल सके। आवेदन में जांच के बाद आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने की मांग की गई है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!