पाकुड़। भारतीय डाक विभाग की ‘राखी बनाओ और भेजो प्रतियोगिता-2026’ में पाकुड़ के चार विद्यालयों के 149 विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। संथाल परगना डिवीजन के पाकुड़ उपडाक मंडल के तहत आयोजित प्रतियोगिता में यूएचएस नवीनगर, सेंट जोसेफ स्कूल, डीपीएस पाकुड़ और राजकीय प्लस टू सीएम जिला स्कूल के विद्यार्थी शामिल हुए।
विद्यालयवार यूएचएस नवीनगर से 21, सेंट जोसेफ स्कूल से 31, डीपीएस पाकुड़ से 61 और राजकीय प्लस टू सीएम जिला स्कूल से 36 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। डाक विभाग के प्रमाणपत्र के अनुसार प्रत्येक विद्यालय से 10-10 प्रतिभागियों के नाम दर्ज किए गए हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता को बढ़ावा देने के साथ भारतीय संस्कृति और राखी के भावनात्मक महत्व के प्रति रुचि विकसित करना है।







