Search

October 27, 2026 11:53 pm

बचपन सुरक्षित तो भविष्य सुरक्षित, बच्चों को बताए अधिकार और खतरे से बचने के तरीके।

डालसा का जागरूकता शिविर, गुड टच-बैड टच से लेकर साइबर अपराध और बाल श्रम तक की दी जानकारी।

पाकुड़। बच्चों का बचपन सुरक्षित रखने और उन्हें शोषण के खिलाफ जागरूक बनाने के उद्देश्य से पाकुड़ प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय संग्रामपुर में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की ओर से आयोजित शिविर में बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों, शारीरिक सुरक्षा, साइबर अपराध, बाल श्रम और बाल विवाह के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही किसी भी तरह के खतरे या शोषण की स्थिति में चुप नहीं रहने और समय पर मदद लेने का संदेश दिया गया। डालसा सचिव रूपा बंदना किरो ने बच्चों को कहानी के माध्यम से गुड टच-बैड टच की जानकारी दी। उन्होंने समझाया कि अनजान लोगों के बहकावे या प्रलोभन में नहीं आएं। ऑनलाइन गेम या मोबाइल पर कोई फोटो, निजी जानकारी अथवा ओटीपी मांगे तो उसे साझा न करें। किसी भी गतिविधि से असहज महसूस होने पर माता-पिता या भरोसेमंद व्यक्ति को तुरंत बताएं।
स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष अशोक कुमार शुक्ला ने शिक्षा के अधिकार सहित बाल अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने बाल श्रम और बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की सलाह दी। वहीं, डीएसपी मुख्यालय उज्ज्वल कुमार साहा ने बच्चों को अनुशासन, अच्छे व्यवहार और बड़ों के सम्मान के साथ गलत गतिविधियों से दूर रहने की सीख दी। शिविर में पॉक्सो एक्ट, बाल अधिकार संरक्षण और बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों पर भी चर्चा की गई। बच्चों को बताया गया कि किसी संकट, शोषण या असुरक्षित स्थिति में सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर संपर्क किया जा सकता है।
झालसा, रांची के निर्देश पर प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष कुमार क्रांति प्रसाद के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का संचालन इंडियन नेशनल एसोसिएशन के अध्यक्ष जेडएच विश्वास ने किया। उन्होंने कहा कि हर बच्चे का बचपन सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। ज्ञान गंगोत्री विकास संस्था के जिला समन्वयक ने नशे की लत के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला। मौके पर थाना प्रभारी गौरव कुमार, स्थायी लोक अदालत के सदस्य राजीव कुमार झा, लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के डिप्टी चीफ संजीव कुमार मंडल, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, पैरा लीगल वॉलंटियर्स याकूब अली और नीरज कुमार राउत सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

IMG 20261027 WA0005

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!