Search

October 27, 2026 11:55 pm

पाकुड़ शहर में पाइपलाइन से मिलेगी गैस, पीएनजी सुविधा की तैयारी तेज

डी-कंप्रेसर यूनिट के लिए जमीन पर विचार, डीसी ने विभागों को समन्वय के साथ काम करने का दिया निर्देश

पाकुड़ शहरी क्षेत्र में पाइपलाइन के जरिए प्राकृतिक गैस (पीएनजी) उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। मंगलवार को समाहरणालय में उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में पीएनजी सुविधा शुरू करने के लिए जमीन की उपलब्धता और पाइपलाइन बिछाने की तैयारियों पर चर्चा हुई। डी-कंप्रेसर यूनिट की स्थापना के लिए सोनाजोड़ी के पास उपलब्ध जमीन पर विचार किया गया। बैठक में पीएनजी प्रतिनिधियों ने यूनिट की स्थापना के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने का मुद्दा उठाया। इस पर पाकुड़ के अंचलाधिकारी ने सोनाजोड़ी के समीप उपलब्ध जमीन की जानकारी दी। उपायुक्त ने भूमि आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए राजस्व सचिव को पत्राचार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सक्षम स्तर से आवश्यक आदेश मिलने के बाद नियमानुसार जमीन उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी।

पाइपलाइन बिछाने से पहले होगा विभागों में समन्वय।

उपायुक्त ने शहरी क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने से पहले नगर परिषद, राष्ट्रीय राजमार्ग और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग समेत संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद ही कार्य आगे बढ़ाया जाए, ताकि पाइपलाइन बिछाने के दौरान और भविष्य में किसी तरह की समस्या नहीं हो। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी, अंचलाधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी और पीएनजी प्रतिनिधि मौजूद थे। फिलहाल योजना को आगे बढ़ाने के लिए जमीन की उपलब्धता और जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करने पर जोर दिया गया है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!