सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ होगा भव्य आयोजन, श्रद्धालुओं की सुविधा पर रहेगा विशेष जोर।
पाकुड़। छठ पूजा के भव्य आयोजन और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार रात बागानपाड़ा स्थित श्री श्री हनुमान मंदिर में टिन बंगला छठ पूजा सेवा समिति की बैठक हुई। रात 9 बजे आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से उदय लखवानी को समिति का अध्यक्ष चुना गया। वहीं, रवि जायसवाल को सचिव और संजय कुमार भगत को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। बापी बर्मन उपाध्यक्ष तथा सुमन चौधरी उपकोषाध्यक्ष चुने गए।
बैठक में समिति के वरिष्ठ सदस्य सुब्रतो दे, मनोज कुमार पंडित, चंदन राय, रंजीत गुप्ता, सुभाष गुप्ता, शुभम गुप्ता और अंकित मंडल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में निर्णय लिया गया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी छठ पूजा का आयोजन भव्य तरीके से किया जाएगा। इसके तहत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी होगा। समिति के सदस्यों ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, पवित्रता और लोकआस्था का प्रतीक है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बेहतर व्यवस्था करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही पूरी आस्था और निष्ठा के साथ छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं का स्वागत किया जाएगा। समिति ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी सदस्यों से आपसी सहयोग और समर्पण के साथ कार्य करने की अपील की।





