Search

October 28, 2026 11:32 pm

बच्चों को बताया—अनजान लोगों से ऑनलाइन दोस्ती और निजी तस्वीरें साझा करने से बचें

संत लुकास उच्च विद्यालय बेलपहाड़ी में डालसा ने चलाया सुरक्षित बचपन अभियान, पॉक्सो एक्ट और बाल अधिकारों की दी जानकारी।

पाकुड़िया। बच्चों को लैंगिक अपराधों से बचाने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति सतर्क बनाने के उद्देश्य से बुधवार को पाकुड़िया प्रखंड के संत लुकास उच्च विद्यालय, बेलपहाड़ी में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा), रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), पाकुड़ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बच्चों को पॉक्सो अधिनियम, बाल संरक्षण कानून, लैंगिक समानता और साइबर सुरक्षा की जानकारी दी गई। प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष कुमार क्रांति प्रसाद के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में डालसा सचिव रूपा बंदना किरो उपस्थित रहीं। इस दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि बच्चों के साथ होने वाले लैंगिक अपराधों को रोकने के लिए कानून में कड़े प्रावधान हैं। बच्चों को अपने अधिकारों की जानकारी रखने और किसी भी तरह के शोषण या अनुचित व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के सहायक गंगाराम टुडू और स्थायी लोक अदालत के सदस्य राजीव कुमार झा ने विद्यार्थियों को मोबाइल और इंटरनेट के सुरक्षित इस्तेमाल के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि अनजान लोगों से ऑनलाइन दोस्ती करने, अपनी निजी जानकारी और तस्वीरें साझा करने से बचना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति निजी फोटो या वीडियो मांगे अथवा किसी तरह का दबाव बनाए, तो इसकी जानकारी तुरंत माता-पिता, शिक्षक या परिवार के किसी भरोसेमंद बड़े सदस्य को देनी चाहिए। बच्चों को बिना डर अपनी बात रखने और गलत गतिविधियों की सूचना देने के लिए भी प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में ‘मेरा बचपन, मेरा अधिकार’, ‘कानून जानो, बचपन बचाओ’, ‘सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित बचपन’, ‘बोलो, बताओ, बचाओ’ और ‘न बाल विवाह, न बाल शोषण’ जैसे विषयों के माध्यम से बाल अधिकारों और व्यक्तिगत सुरक्षा पर जागरूकता बढ़ाई गई। साथ ही विद्यार्थियों को बताया गया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से पात्र लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। बाल संरक्षण और आपातकालीन सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी भी दी गई। मौके पर विद्यालय के फादर फैलिक्स केरकेट्टा, शिक्षक-शिक्षिकाएं, डालसा के नंदलाल पाल, पैरा लीगल वॉलंटियर नीरज कुमार राउत सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

IMG 20261028 WA0025

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!