4 नवंबर को युवा संसद, 5 नवंबर को यंग लीडर्स डायलॉग; ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ थीम पर होंगे कार्यक्रम।
पाकुड़। युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने, रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से पाकुड़ में 4 और 5 नवंबर को जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 4 नवंबर को विकसित भारत युवा संसद और 5 नवंबर को विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) का आयोजन डीएवी पब्लिक स्कूल के सभागार में होगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर गुरुवार को जिला क्रीड़ा पदाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें आयोजन की रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। यंग लीडर्स डायलॉग के तहत युवा लोक नृत्य, लोक गीत, चित्रकला, पारंपरिक भारतीय नुक्कड़ नाटक और कविता लेखन जैसी पांच विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस बार कार्यक्रम की थीम ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ रखी गई है। इसके जरिए युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका को रेखांकित किया जाएगा।
नेतृत्व क्षमता और रचनात्मकता को मिलेगा मंच
बैठक में आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने, प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और संबंधित प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। जिला क्रीड़ा पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों से निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूरी करने और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की। आयोजकों के अनुसार, इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को अपने विचार रखने, सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने और सामाजिक मुद्दों पर रचनात्मक अभिव्यक्ति का अवसर मिलेगा। बैठक में जिला युवा अधिकारी, माई भारत, पाकुड़ सौरभ पाण्डेय, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के समन्वयक महबूब आलम, महिला महाविद्यालय की एनएसएस समन्वयक कुसुम कुमारी, मॉडल कॉलेज पाकुड़ के प्रतिनिधि तथा बीएड संस्थान के एनएसएस समन्वयक शंकर कुशवाहा सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे।





