हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में दर्ज था मामला, न्यायालय से जारी था गैर जमानती वारंट
अमर भगत।
पाकुड़। लंबित गैर जमानती वारंट के निष्पादन को लेकर अमड़ापाड़ा पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। इसी क्रम में पुलिस ने पांच साल पुराने मामले के वारंटी महेश्वर पंडित (23) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।गिरफ्तार आरोपी अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के बासमती गांव का रहने वाला है। उसके पिता का नाम राम प्रसाद पंडित है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ 16 मार्च 2021 को अमड़ापाड़ा थाना कांड संख्या 18/21 के तहत हत्या के प्रयास, गाली-गलौज एवं सामूहिक अपराध से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में न्यायालय ने उसकी गिरफ्तारी के लिए गैर जमानती वारंट जारी किया था। वारंट के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले का न्यायालयीन वाद संख्या एसटी 141/26 है। थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक प्रयागराज दास ने कहा कि क्षेत्र में अपराध करने वालों और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। ऐसे लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।





