बोकारो। जागेश्वर बिहार थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या कर शव सड़क किनारे फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मृतका के पति महेंद्र कुमार मंडल को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बताए जा रहे लाल रंग के टाटा मैजिक एक्सप्रेस वाहन (संख्या JH01CT-5368) को भी बरामद कर जब्त कर लिया गया है। पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब छह बजे सूचना मिली कि जोगेश्वर बिहार थाना क्षेत्र के डाकासाडम मोड़ के पास ललपनिया मुख्य मार्ग के किनारे एक महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव फेंके जाने का प्रतीत हुआ। मृतका की पहचान 40 वर्षीय नीलू देवी, पति महेंद्र कुमार मंडल, निवासी ग्राम चोरगांव, थाना ललपनिया ओपी के रूप में हुई। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, तेनुघाट भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बेरमो के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। इसी दौरान मृतका के पिता रामेश्वर मंडल ने लिखित आवेदन देकर महेंद्र सही अन्य दो लोगों पर मालती देवी पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस के अनुसार, हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने पर मृतका के पति महेंद्र कुमार मंडल ने अपना अपराध स्वीकार किया। उसके कथित स्वीकारोक्ति बयान के मुताबिक, 30 अक्टूबर की सुबह पत्नी के साथ आपसी बातचीत को लेकर विवाद हुआ था। उसी रात भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ। इसके बाद उसने सो रही पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी।


आरोप है कि हत्या के बाद उसने पत्नी के शव को लाल रंग के तिरपाल में लपेटा और टाटा मैजिक एक्सप्रेस वाहन से ले जाकर डाकासाडम मोड़ के पास जोगेश्वर-लालपनिया मुख्य मार्ग के किनारे फेंक दिया। इसके बाद वह वापस घर लौट आया। पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि महेंद्र कुमार मंडल का गांव की ही विधवा महिला के साथ कथित अवैध संबंध था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और झगड़े होते रहते थे। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लाल रंग का टाटा मैजिक एक्सप्रेस वाहन संख्या JH01CT-5368 उसके घर से बरामद किया है, वहीं पुलिस ने जोगेश्वर बिहार थाना कांड संख्या 23/26, दिनांक 31 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238 एवं 3(5) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान कर रही है। इस कार्रवाई में जोगेश्वर बिहार थाना प्रभारी पु०अ०नि० प्रकाश यादव, पु०अ०नि० सुरेश पाहन, स०अ०नि० राकेश बाउड़ी तथा जैप-04 (एच कंपनी) के जवान शामिल थे।





