Search

November 2, 2026 1:07 am

तीन क्रशर प्लांटों में हथियारबंद चोरों का धावा, लाखों की चोरी।

गार्ड को बंधक बनाकर ट्रांसफार्मर से तांबा निकाला, सीसीटीवी कैमरे, डीवीआर और वाहनों की बैटरियां भी ले गए बदमाश।

इकबाल हुसैन

महेशपुर/पाकुड़। थाना क्षेत्र के रद्दीपुर ओपी अंतर्गत अंबाई पहाड़ी स्थित तीन स्टोन क्रशर प्लांटों को हथियारबंद चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। बदमाशों ने पहले एक क्रशर प्लांट के सुरक्षा गार्ड को गार्ड रूम में बंद कर दिया। इसके बाद अलग-अलग प्लांटों में घुसकर ट्रांसफार्मर और इलेक्ट्रिक पैनल से तांबे के तार निकाल लिए। चोर सीसीटीवी कैमरे, डीवीआर और वाहनों की बैटरियां भी ले गए। चोरी गए सामानों की कुल कीमत दो से तीन लाख रुपये आंकी गई है।
घटना 31 अक्टूबर की रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। मामले में क्रशर संचालक की ओर से पुलिस को दिए गए बयान के अनुसार, बगल के वासुदेव बनर्जी क्रशर के गार्ड प्रधान बेसरा ने बताया कि मुंह पर गमछा बांधे तीन-चार अज्ञात लोग हथियार और डंडे लेकर पहुंचे थे। बदमाश आपस में बंगला और हिंदी में बात कर रहे थे। उन्होंने गार्ड को गार्ड रूम में बंद कर दिया। सुबह एक मजदूर ने गेट खोलकर उसे बाहर निकाला। इसके बाद गार्ड ने घटना की जानकारी क्रशर संचालक को दी। सूचना मिलने पर जब संचालक ने अपने बेटे के क्रशर एमएस डाटा स्टोन पहुंचकर जांच की तो ट्रांसफार्मर नीचे उतरा हुआ और क्षतिग्रस्त मिला। बदमाश उसमें से तांबे के तार निकाल चुके थे। इसके अलावा इलेक्ट्रिक रूम से डीवीआर, सीसीटीवी कैमरे और क्रशर में खड़े वाहन की तीन बैटरियां भी गायब थीं। बदमाशों ने पास के कृष्णा स्टोन वर्क्स को भी नहीं छोड़ा। यहां इलेक्ट्रिक रूम में घुसकर सभी पैनल बोर्ड में लगे तांबे के तार काटकर निकाल लिए। इतना ही नहीं, एक दिन पहले करीब पांच वर्षों से बंद पड़े मधुसूदन रविदास के क्रशर को भी निशाना बनाया गया था। वर्तमान में इस क्रशर की देखरेख संजीव मिश्रा कर रहे हैं। यहां से भी ट्रांसफार्मर के तांबे के तार और खड़ी गाड़ी की तीन बैटरियां चोरी कर ली गईं। मामले में मो. बदरुज्जमान के बयान पर महेशपुर (रद्दीपुर ओपी) थाना कांड संख्या 181/26, दिनांक 31 अक्टूबर 2026 के तहत बीएनएस की धारा 309(4) में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। लगातार तीन क्रशर प्लांटों को निशाना बनाए जाने से क्षेत्र के क्रशर संचालकों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!