Search

November 6, 2026 11:19 pm

झारखंड में कानून-व्यवस्था ध्वस्त, सत्ता के लोभ में कांग्रेस की गोद में बैठे हेमंत: भाजपा

पाकुड़ स्थित ब्याहुत भवन में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी की एक महत्वपूर्ण प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इस दौरान भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सोरेन और प्रदेश प्रवक्ता सह लिट्टीपाड़ा के पूर्व विधायक दिनेश विलियम मरांडी ने राज्य सरकार और विपक्षी गठबंधन पर जोरदार हमला बोला। भाजपा नेताओं ने राज्य में कानून-व्यवस्था के चौपट होने, खनिज संपदा की खुली लूट और झामुमो-कांग्रेस गठबंधन की अवसरवादिता पर तीखे सवाल उठाए।
वैश्विक पटल पर बढ़ा भारत का मान, विपक्ष फैला रहा भ्रम: सुनील सोरेन
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सोरेन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार प्रगति कर रहा है और वैश्विक पटल पर भारत की साख मजबूत हुई है। धारा 370 और राम मंदिर जैसे दशकों पुराने मुद्दों का समाधान हुआ है और भारत रक्षा क्षेत्र में तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है।
उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता का भरोसा खो चुका विपक्ष देश में भ्रम और अस्थिरता का माहौल पैदा करने की साजिश रच रहा है। दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्ष की रैली पूरी तरह फ्लॉप साबित हुई। राज्य की स्थिति पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड में विकास कार्य पूरी तरह ठप हैं, सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं और थानों के संरक्षण में गिट्टी, बालू व कोयले की तस्करी चल रही है। बहन-बेटियों पर अत्याचार बढ़े हैं और सरकार अपराधियों पर कार्रवाई करने के बजाय लीपापोती में लगी है। जनता अब इस भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंकने का मन बना चुकी है।
जिस कांग्रेस ने शिबू सोरेन को जेल भेजा, उसी के साथ हेमंत का समझौता: दिनेश मरांडी
वहीं, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता दिनेश विलियम मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर तीखा राजनीतिक प्रहार किया। उन्होंने कहा कि 1990 के दशक में जिस कांग्रेस पार्टी ने शिबू सोरेन और साइमन मरांडी जैसे आदिवासी नेताओं को बलि का बकरा बनाकर जेल भिजवाया, आज हेमंत सोरेन केवल कुर्सी के लोभ में उसी कांग्रेस की गोद में जाकर बैठ गए हैं। उन्होंने कहा कि अगर आज दुर्गा सोरेन जीवित होते, तो झामुमो कभी कांग्रेस से हाथ नहीं मिलाता।
श्री मरांडी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने अलग झारखंड राज्य का गठन किया और केंद्र की भाजपा सरकार ने ही दिशोम गुरु शिबू सोरेन को पद्म सम्मान दिया। उन्होंने राज्य में सक्रिय खनिज माफियाओं को चेतावनी देते हुए कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनते ही भ्रष्टाचारियों और माफियाओं को इलाका छोड़ना पड़ेगा या जेल जाने के लिए तैयार रहना होगा। मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू, भाजपा नेता हिसाबी राय, दुर्गा मरांडी, अनुग्रहित प्रसाद शाह समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

IMG 20261104 WA0014

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!