राहुल दास
हिरणपुर(पाकुड़):लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर हिरणपुर में तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। एक ओर छठ घाटों की साफ-सफाई का काम तेजी से चल रहा है, तो दूसरी ओर पूजा समितियां श्रद्धालुओं की सुविधा और भव्य आयोजन को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। इस बार कई घाटों पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे छठ महापर्व की रौनक और बढ़ने की उम्मीद है।हिरणपुर नामोपाड़ा स्थित खेपी पोखर छठ घाट की सफाई का जिम्मा छठ पूजा समिति ने संभाल रखा है। यहां इस वर्ष आठवीं बार छठ पूजा का आयोजन किया जाएगा। पूजा को लेकर घाट की साफ-सफाई के साथ अन्य आवश्यक तैयारियां भी की जा रही हैं। समिति के अनुसार, इस बार बनारस से आए विद्वान पंडितों द्वारा भव्य गंगा आरती का आयोजन मुख्य आकर्षण रहेगा।वहीं, स्व. विभूति भूषण दत्ता पोखर स्थित छठ घाट पर भी साफ-सफाई का कार्य जारी है। यहां वर्षों से भव्य तरीके से छठ महापर्व का आयोजन होता आ रहा है। पूजा समिति के सहदेव साहा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। घाट पर विशेष व्यवस्था के साथ गंगा आरती का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।इधर, मोहनपुर, देवपुर, तोड़ाई सहित प्रखंड के अन्य इलाकों में भी छठ पूजा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। घाटों को व्यवस्थित करने और साफ-सफाई का कार्य किया जा रहा है।कुल मिलाकर, छठ महापर्व को लेकर हिरणपुर में भक्तिमय माहौल बनने लगा है। घाटों की सजावट, स्वच्छता और भव्य गंगा आरती के आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।





