40 लाख युवाओं के जरिए देश में अराजकता फैलाने की साजिश का आरोप, मंत्री को बर्खास्त कर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग।
पाकुड़। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के कथित विवादित बयान को लेकर शुक्रवार को पाकुड़ जिले में भाजपा का आक्रोश सड़कों पर उतर आया। प्रदेश भाजपा के आह्वान पर पाकुड़ नगर के बिरसा चौक से लेकर पाकुड़िया के सिदो-कान्हू चौक तक भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन कर हेमंत सरकार और कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। पाकुड़ में भाजपा जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय और वरिष्ठ नेता मिठू भगत ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य मंत्री का 40 लाख युवाओं को तैयार रखने और राहुल गांधी के इशारे पर देश का माहौल बांग्लादेश व श्रीलंका जैसा बनाने संबंधी बयान बेहद गंभीर है। उन्होंने इसे देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और राष्ट्रीय एकता के लिए खतरा बताते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मंत्री को तत्काल बर्खास्त करने तथा उनके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। नेताओं ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि संविधान बचाने की बात करने वाली कांग्रेस पहले अपने मंत्रियों को संविधान और लोकतंत्र का सम्मान करना सिखाए। भाजपा युवा मोर्चा के नगर अध्यक्ष रतन कुमार भगत ने कहा कि देश का युवा किसी के बहकावे में आने वाला नहीं है। आज का युवा विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ खड़ा है। देश को अस्थिर करने और युवाओं को गुमराह करने की कोशिशों का विरोध किया जाएगा।उधर, पाकुड़िया के सिदो-कान्हू चौक पर मंडल अध्यक्ष संजीव भगत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर राहुल गांधी का पुतला फूंका। यहां भी नेताओं ने देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ कथित बयानों पर कड़ी आपत्ति जताई। पाकुड़ में प्रदर्शन के दौरान हिसाबी राय, मिठू भगत और रतन कुमार भगत समेत भाजपा व भाजयुमो के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे। वहीं पाकुड़िया में अजय भंडारी, अमित कुमार, विजय भगत, ढेना मरांडी, प्रदीप भगत, संजीत मड़ैया, अरुण तुरी, मुख्तार अंसारी, लक्ष्मण राय और अभिषेक कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया।







