पड़ोसियों पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप, प्राथमिकी दर्ज।
इकबाल हुसैन
महेशपुर/पाकुड़। महेशपुर थाना क्षेत्र के बारामती गांव में घर के निर्माण कार्य को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। निर्माण कार्य रोकने के विरोध पर एक 55 वर्षीय महिला के साथ कथित रूप से मारपीट की गई, जिसमें उनके दाहिने हाथ की अनामिका उंगली टूट गई। बीच-बचाव करने पहुंचे पति और पुत्र के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। इस संबंध में पीड़िता लेखा देवी ने महेशपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन के अनुसार, 5 नवंबर की सुबह करीब आठ बजे उनके घर में निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान पड़ोसी संडू मंडल और सुभाष मंडल ने कथित तौर पर निर्माण कार्य रुकवा दिया। विरोध करने पर गाली-गलौज शुरू हो गई। पीड़िता का आरोप है कि कल्पना देवी और सरस्वती देवी ने उनके साथ मारपीट की, जबकि संडू मंडल ने उनका हाथ मरोड़ दिया, जिससे अनामिका उंगली टूट गई। मेडिकल जांच में भी फ्रैक्चर की पुष्टि होने की बात आवेदन में कही गई है।
पीड़िता ने पति और पुत्र के साथ मारपीट करने तथा पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने गांव के लोगों के जुटने पर मौके से हटते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। मामले में महेशपुर थाना पुलिस ने कांड संख्या 188/26, दिनांक 6 नवंबर 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले में पुलिस की आगे की जांच और कार्रवाई पर नजर है।






