पाकुड़। आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत को लेकर भाजपा ने शनिवार को राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पाकुड़ के बिरसा चौक, पाकुड़िया के सिद्धू-कान्हू चौक और लिट्टीपाड़ा चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच, सीबीआई जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई।
पाकुड़ में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दुर्गा मरांडी और वरिष्ठ भाजपा नेत्री मीरा प्रवीण सिंह ने कहा कि निशा भगत ने मौत से पहले फेसबुक लाइव के माध्यम से अपनी पीड़ा जाहिर की थी। ऐसे में उनकी मौत की परिस्थितियों को गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में आदिवासी समाज की बेटियों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर सरकार गंभीर नहीं है। भाजपा नेताओं ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए और मामले में जिसकी भी जवाबदेही सामने आए, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। पाकुड़िया में मंडल अध्यक्ष संजीव भगत ने कहा कि आदिवासी समाज की बेटियों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार मामले की सीबीआई जांच कराकर सच्चाई सामने लाए और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाए।
वहीं, लिट्टीपाड़ा में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के आह्वान पर आयोजित प्रदर्शन का नेतृत्व बिचामहल मंडल अध्यक्ष धनेश्वर कुमार साहा और लिट्टीपाड़ा मंडल अध्यक्ष बेणेश्वर सोरेन ने किया। भाजपा नेता साहेब हांसदा ने कहा कि आदिवासी मुख्यमंत्री के शासन में यदि एक आदिवासी बेटी को न्याय के लिए संघर्ष करना पड़े, तो यह गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने सरकार से जवाबदेही तय करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग भी की।
भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि मामले की पारदर्शी जांच और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में पाकुड़ में हिसाबी राय, सोहन मंडल, अमृत पांडेय, पंकज साह, धर्मेंद्र त्रिवेदी सहित अन्य कार्यकर्ता, पाकुड़िया में अजय भंडारी, धेना मरांडी, जलपा टुडू, अमित भगत, दीपक साह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता तथा लिट्टीपाड़ा में राम मंडल, गणेश मंडल, कृष्णा मढ़ैया, बामन मालतो, रॉबिन मालतो और मधु मड़िया सहित कई भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।










