पाकुड़। नगर परिषद क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में अध्यक्ष शबरी पाल की ओर से विकास योजनाओं को गति दी जा रही है। मंगलवार को वार्ड नंबर-5 स्थित हरिणडंगा हाई स्कूल के समीप गली में 5 लाख 88 हजार रुपये की लागत से बनने वाली पीसीसी सड़क का शिलान्यास शबरी पाल ने उपाध्यक्ष राणा ओझा के साथ संयुक्त रूप से किया।
रामबिलास एवं भरत के घर से धर्मेंद्र कुमार ओझा के घर तक बनने वाली इस सड़क के निर्माण से लंबे समय से जर्जर सड़क और बरसात में कीचड़ व जलजमाव की समस्या झेल रहे स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी। शिलान्यास के मौके पर शबरी पाल ने कहा कि नगर परिषद के सभी वार्डों में बिना भेदभाव विकास कार्य कराना उनकी प्राथमिकता है। हर मोहल्ले तक सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और निर्धारित समय सीमा में काम पूरा करने की बात कही। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण की पहल पर खुशी जताते हुए अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त किया। मौके पर वार्ड पार्षद निभा देवी सहित अन्य पार्षद, नगर परिषद के अभियंता, संवेदक एवं स्थानीय नागरिक मौजूद थे।







