उमर अंसारी ने डीसी से लगाई गुहार, बिजली पोल लगाने और पीसीसी सड़क निर्माण की मांग।
पाकुड़। नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड-11 स्थित हटातपाड़ा टोला में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली ने विकास के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। टोला में आज भी बिजली के तार बांस के सहारे पहुंचाए जा रहे हैं, वहीं पक्की सड़क नहीं होने से लोगों को रोजाना परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। असुरक्षित बिजली व्यवस्था से हादसे का खतरा बना हुआ है तो कच्ची सड़क ने आवागमन को मुश्किल कर दिया है। मामले को लेकर नवयुग प्रगतिशील मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव उमर अंसारी ने उपायुक्त को लिखित आवेदन देकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि बांस के सहारे बिजली के तार ले जाना लोगों की जान-माल की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। आंधी-बारिश में तार टूटने या बांस गिरने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने विद्युत विभाग से स्थायी बिजली पोल लगाकर तारों को सुरक्षित करने की मांग की है।
वहीं, पक्की सड़क के अभाव में स्थानीय लोगों को खासकर बरसात के दिनों में भारी परेशानी होती है। कीचड़ और जलजमाव के कारण बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों का आवागमन तक मुश्किल हो जाता है। उमर अंसारी ने नगर परिषद से टोला में पीसीसी सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू कराने का आग्रह किया है। उन्होंने उपायुक्त से संबंधित विभागों को स्थल निरीक्षण कर जल्द कार्रवाई का निर्देश देने की मांग की। उमर अंसारी ने कहा कि सुरक्षित बिजली और बेहतर सड़क हर नागरिक की बुनियादी जरूरत है। हटातपाड़ा टोला के लोगों को इन सुविधाओं से वंचित रखना उचित नहीं है। अब देखना है कि प्रशासन इस समस्या पर कब संज्ञान लेता है और लोगों को कब राहत मिलती है।






