Search

November 15, 2026 9:09 pm

बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को किया याद, जनजातीय गौरव दिवस पर भाजपा ने दिया स्वाभिमान का संदेश।

प्रशांत मंडल

लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर लिट्टीपाड़ा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया। भारतीय जनता पार्टी के बीचामहल एवं लिट्टीपाड़ा मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके संघर्ष, साहस और बलिदान को याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनीता मुर्मू ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अन्याय, शोषण और अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष की प्रेरणादायक मिसाल है। उन्होंने आदिवासी समाज की अस्मिता, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका संघर्ष केवल अंग्रेजी शासन के विरुद्ध नहीं था, बल्कि जल, जंगल और जमीन पर आदिवासियों के अधिकारों की लड़ाई का भी प्रतीक था। अनीता मुर्मू ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब उनके विचारों को आत्मसात करते हुए आदिवासी भाषा, संस्कृति, परंपरा और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। उनका ऐतिहासिक उद्घोष ‘अबुआ दिशुम, अबुआ राज’ आज भी आदिवासी समाज के अधिकार, स्वाभिमान और आत्मसम्मान की भावना को अभिव्यक्त करता है। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन आने वाली पीढ़ियों को अन्याय के खिलाफ संघर्ष करने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देता रहेगा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!