नाम नहीं छापने की शर्त पर शहरवासियों ने बयां किया दर्द, बोले- दुकानदारों का रोजगार भी रहे और राष्ट्रपिता की प्रतिमा का सम्मान भी।
पाकुड़। शहर के प्रमुख गांधी मोड़ पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा इन दिनों बिरयानी के ठेलों से घिरी नजर आ रही है। प्रतिमा के आसपास सुबह से देर रात तक मटन और चिकन बिरयानी की दुकानें संचालित हो रही हैं। इस स्थिति को लेकर पाकुड़ के कुछ स्थानीय नागरिकों में नाराजगी है। हालांकि, वे खुलकर सामने आने से बच रहे हैं। नाम नहीं छापने की शर्त पर शहरवासियों ने कहा कि गांधी मोड़ की पहचान और गरिमा के अनुरूप प्रतिमा के आसपास का माहौल होना चाहिए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ वर्ष पहले तक गांधी मोड़ का स्वरूप अलग था, लेकिन धीरे-धीरे प्रतिमा के चारों ओर बिरयानी के ठेले बढ़ते चले गए। अब स्थिति यह है कि चौराहे पर पहुंचने से पहले ही बिरयानी की खुशबू महसूस होने लगती है। सुबह से देर रात तक दुकानदारों की आवाजें गूंजती रहती हैं। लोगों का सवाल है कि शहर के इतने प्रमुख चौराहे पर राष्ट्रपिता की प्रतिमा के चारों ओर इस तरह ठेलों का जमावड़ा कितना उचित है? शहरवासियों का कहना है कि महात्मा गांधी सादगी और शाकाहार के प्रतीक रहे हैं। उनकी प्रतिमा के आसपास मांसाहारी खाद्य पदार्थों के ठेलों का जमावड़ा कम से कम देखने में उचित नहीं लगता। लोगों ने स्पष्ट किया कि उनकी मंशा किसी दुकानदार की रोजी-रोटी छीनने की नहीं है, बल्कि दुकानों को किसी दूसरे उपयुक्त और निर्धारित स्थान पर व्यवस्थित करने की है।
अब सवाल जिला प्रशासन और नगर परिषद से है कि क्या गांधी मोड़ की गरिमा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोई पहल होगी? शहरवासियों ने मांग की है कि प्रतिमा के आसपास से ठेलों को व्यवस्थित तरीके से दूसरी जगह शिफ्ट किया जाए, ताकि दुकानदारों का रोजगार भी प्रभावित न हो और पाकुड़ के इस प्रसिद्ध चौराहे की पहचान एवं सुंदरता भी बरकरार रहे।








