उत्क्रमित मध्य विद्यालय में एमडीएम की गुणवत्ता और मात्रा पर उठे सवाल, बीईईओ को आवेदन सौंप निष्पक्ष जांच की मांग।
इकबाल हुसैन
महेशपुर/पाकुड़। महेशपुर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय दमदमा में मध्याह्न भोजन (एमडीएम) योजना के संचालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। करीब 300 बच्चों को मिलने वाले भोजन में निर्धारित मात्रा से कम चावल, दाल, तेल और अन्य सामग्री इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए गांव के मुखिया अनिल कोड़ा समेत अभिभावकों ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को लिखित आवेदन सौंपा है। ग्रामीणों ने विद्यालय में एमडीएम की व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराकर वास्तविक स्थिति सामने लाने की मांग की है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि विद्यालय में बच्चों की संख्या के अनुरूप मध्याह्न भोजन तैयार नहीं किया जा रहा है। भोजन में चावल, दाल, तेल समेत अन्य सामग्रियों की मात्रा कथित तौर पर मानक से कम रखी जाती है। साथ ही भोजन की गुणवत्ता पर भी अभिभावकों ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि योजना का उद्देश्य बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है, लेकिन यदि निर्धारित मात्रा और गुणवत्ता का पालन नहीं हो रहा है तो इसका सीधा असर बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ेगा। मुखिया अनिल कोड़ा ने कहा कि अभिभावक अपने बच्चों को पढ़ने के लिए विद्यालय भेजते हैं, न कि भूखा लौटने के लिए। सरकार बच्चों के भोजन के लिए राशि और खाद्यान्न उपलब्ध कराती है, इसलिए उन्हें निर्धारित मानक के अनुरूप भोजन मिलना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से जल्द स्थल जांच कराने की मांग की। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि उनकी मांग किसी को बेवजह निशाना बनाने की नहीं, बल्कि बच्चों के भोजन से जुड़ी व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की है। उन्होंने जांच में अनियमितता की पुष्टि होने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई और भविष्य में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं पर्याप्त भोजन उपलब्ध कराने की मांग की है। फिलहाल आरोपों पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब ग्रामीणों की शिकायत पर शिक्षा विभाग की जांच और कार्रवाई का इंतजार है।






