सड़क सुरक्षा मेले में 200 से अधिक बाइक सवारों ने निकाली जागरूकता रैली, हिट एंड रन के दो पीड़ितों को मिले एक-एक लाख रुपये
अधिकारियों ने खुद बाइक चलाकर दिया संदेश, 35 आवेदकों को मौके पर लर्निंग लाइसेंस के साथ मुफ्त हेलमेट
पाकुड़। सड़क पर आपकी एक छोटी सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां छीन सकती है। घर से निकलते समय याद रखें कि कोई आपका इंतजार कर रहा है। सुरक्षित घर पहुंचना सिर्फ आपकी नहीं, आपके परिवार की भी जरूरत है। इसी संदेश के साथ मंगलवार को झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत बाजार समिति मैदान में जिला परिवहन कार्यालय की ओर से सड़क सुरक्षा मेला सह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) समेत जिले के कई अधिकारियों ने खुद बाइक चलाकर लोगों को यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया। अधिकारियों की अगुवाई में 200 से अधिक दोपहिया वाहन चालकों ने हेलमेट पहनकर जागरूकता रैली निकाली। रैली ने शहर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण कर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

दो पीड़ित परिवारों को मिली राहत
कार्यक्रम के दौरान हिट एंड रन सड़क दुर्घटना के दो पात्र पीड़ितों को एक-एक लाख रुपये, कुल दो लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा गया। वहीं, विशेष शिविर में आवेदन करने वाले करीब 35 लोगों को मौके पर ही लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस जारी किया गया। इन सभी को निश्शुल्क हेलमेट भी दिया गया।

टोटो चालकों को भी समझाए नियम
मेले में हीरो, होंडा, यामाहा, बजाज, रॉयल एनफील्ड, टीवीएस और महिंद्रा जैसी कंपनियों ने वाहनों की प्रदर्शनी लगाई। परिवहन विभाग के स्टॉल पर लाइसेंस, वाहन निबंधन और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। करीब 35 से 40 टोटो चालकों को निर्धारित ड्रेस कोड, जरूरी दस्तावेज और डिजिलॉकर के इस्तेमाल के बारे में बताया गया।

चालान के डर से नहीं, अपनी जिंदगी के लिए पहनें हेलमेट
डीडीसी और अन्य अधिकारियों ने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल पुलिस के चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी जिंदगी बचाने के लिए करें। वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करना, नशे की हालत में ड्राइविंग करना और तेज रफ्तार से वाहन चलाना जानलेवा साबित हो सकता है। यातायात नियमों का पालन हर हाल में जरूरी है। अंत में जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रथ अगले दो दिनों तक जिले के विभिन्न प्रखंडों में ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगा।









