शांति समिति की बैठक में पूजा समितियों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील।
पाकुड़िया। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित माहौल में संपन्न कराने को लेकर रविवार को पाकुड़िया थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार एवं पाकुड़िया बीडीओ सोमनाथ बनर्जी ने की। बैठक में थाना क्षेत्र में होने वाले दुर्गा पूजा आयोजनों की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जानकारी के अनुसार, इस वर्ष पाकुड़िया थाना क्षेत्र में करीब 20 स्थानों पर दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधियों को बैठक में आमंत्रित किया गया था।
बैठक में अधिकारियों ने पूजा समितियों के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों से पर्व के दौरान आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा आस्था और श्रद्धा का पर्व है। इसे सभी लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक संदेश साझा करने से बचें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी अप्रिय घटना, विवाद अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस-प्रशासन को सूचित करें। साथ ही पूजा समितियों से अपने स्तर पर भी सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। एसडीपीओ एवं बीडीओ ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा। बैठक में थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, एसआई रवि कुमार, एएसआई महादेव चौधरी, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष मोतीलाल हांसदा, सांसद प्रतिनिधि खुर्शेद आलम सहित विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।







