प्रतिमा दर्शन को उमड़े हजारों श्रद्धालु, चप्पे-चप्पे पर रही पुलिस की नजर
1932 से अनवरत आयोजित हो रहा है ऐतिहासिक रास पूजा एवं मेला
पाकुड़ सदर प्रखंड अंतर्गत नवीनगर शिवतल्ला में श्री श्री 108 रास बिहारी पूजा समिति की ओर से आयोजित दो दिवसीय ऐतिहासिक रास पूजा एवं मेले को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना। 23 नवंबर को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुए इस आयोजन के दूसरे दिन मंगलवार को भव्य मेले का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के ग्रामीण इलाकों से भारी संख्या में श्रद्धालु और मेलार्थी पहुंचे।आयोजन समिति के अध्यक्ष मोहन मंडल ने बताया कि इस रास पूजा और मेले की शुरुआत वर्ष 1932 में हुई थी। अंग्रेजों और राजतंत्र के जमाने से चली आ रही इस परंपरा को ग्रामीण आज भी पूरे हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ निभा रहे हैं। पड़ोसी राज्य बिहार व पश्चिम बंगाल से अभी यहां भक्त पहुंचते हैं।आसपास की पंचायतों में इस तरह का बड़ा आयोजन नहीं होने के कारण झिकरहाटी, उदयनारायणपुर, सीतापहाड़ी, नसीपुर,चेंगाडांगा, पोचाथोल, मालपहाड़ी और किस्मत कदमसार सहित कई पंचायतों के श्रीकृष्ण भक्त यहां पहुंचते हैं। श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की रास लीला पर आधारित प्रतिमाओं के दर्शन कर दान-दक्षिणा देते हैं और प्रसाद ग्रहण करते हैं।
चरखी, झूले और ग्रामीण बाजार बने आकर्षण का केंद्र
साल में एक बार लगने वाले इस पारंपरिक मेले को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया। मेला परिसर में बच्चों और युवाओं के मनोरंजन के लिए चरखी व झूले लगाए गए हैं। इसके अलावा मिठाई, मनिहारी और विभिन्न प्रकार के ग्रामीण सामानों की दुकानें सजी हैं, जहां लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। पूरे मेले का संचालन स्थानीय ग्रामीणों और पूजा समिति के सदस्यों द्वारा आपसी सहयोग से किया जा रहा है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, पुलिस बल तैनात
मेले में जुटने वाली भारी भीड़ को देखते हुए जिला एवं पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। आयोजन समिति ने बताया कि मालपहाड़ी प्रभारी विवेक कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल की कड़ी निगरानी बनी हुई है। महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती से मेला शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो रहा है।






