बिना वैध कागजात पाकुड़ के रास्ते बंगाल जा रहे दो भारी वाहन शमशेरगंज में जब्त
तीन आरोपित गिरफ्तार; सीमावर्ती जांच चौकियों की कार्यशैली संदेह के घेरे में।
पाकुड़ जिले में अवैध कोयला परिवहन पर लगाम लगाने के प्रशासनिक दावों की एक बार फिर पोल खुल गई है। पाकुड़ से कोयला लोड कर पश्चिम बंगाल जा रहे दो भारी ट्रकों को बंगाल की शमशेरगंज थाना पुलिस ने जब्त किया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि बिना किसी वैध कागजात और चालान के ये दोनों भारी वाहन पाकुड़ जिले के कई थाना क्षेत्रों और मुख्य मार्गों पर बने पुलिस चेकपोस्ट को आसानी से पार करते हुए बंगाल की सीमा में दाखिल हो गए, लेकिन पाकुड़ पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी।
गुप्त सूचना पर बंगाल पुलिस का एक्शन, तीन गिरफ्तार
मिली जानकारी के अनुसार, शमशेरगंज थाना के आईसी कुणाल कांति दास के नेतृत्व में पुलिस अधिकारी हितेश शर्मा व दीपक रजक की टीम ने सोमवार दोपहर गुप्त सूचना के आधार पर पुंतीमारी ब्रिज के समीप नाकाबंदी की। इसी दौरान पाकुड़ की ओर से मालदा जा रहे कोयला लदे दो ट्रकों (WB 45 B 8632 और WB 57 C 6717) को रोककर तलाशी ली गई। चालकों द्वारा कोयला परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज नहीं दिखाए जाने पर पुलिस ने दोनों ट्रकों को जब्त कर लिया और मौके से तीन आरोपितों— अनवर शेख (हरिहरपाड़ा), कासिबुल शेख (अब्दुल्लापुर) और सोफियान हुसैन (हरिहरपाड़ा) को गिरफ्तार कर लिया।जिले में अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार दावे किए जाते हैं, बावजूद इसके बिना वैध कागजात के कोयला लदे ट्रकों का अंतरराज्यीय सीमा पार कर जाना स्थानीय पुलिस और चेकपोस्ट पर तैनात कर्मियों की सतर्कता पर सवालिया निशान लगाता है।फिलहाल शमशेरगंज पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि यह कोयला पाकुड़ के किस इलाके से लोड किया गया था और इस अंतरराज्यीय तस्करी सिंडिकेट के तार किन-किन लोगों से जुड़े हैं।







