Search

November 26, 2026 5:28 pm

ससुराल पहुंचकर पत्नी को लाठी से पीट-पीटकर मार डाला, आरोपी पति गिरफ्तार

खेत में मिला 25 वर्षीय महिला का शव, पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त दो फीट की लाठी की जब्त

पाकुड़। मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र के कान्हुपुर गांव में पत्नी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि ससुराल पहुंचे पति ने अपनी 25 वर्षीय पत्नी सूरज मुर्मू की लाठी से पीटकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति सुनीराम हेम्ब्रम (30) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई करीब दो फीट लंबी लाठी भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर को सूचना मिली थी कि कान्हुपुर गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष जांच एवं छापेमारी टीम (एसआईटी) गठित की गई। टीम मौके पर पहुंची तो महिला का शव खेत में पड़ा मिला। उसकी पहचान सूरज मुर्मू के रूप में हुई।
मृतका की चाची लुखी बास्की के फर्दबयान पर मालपहाड़ी ओपी कांड संख्या 265/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में हत्या का मामला दर्ज किया गया। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने आरोपी सुनीराम हेम्ब्रम को गिरफ्तार कर लिया। वह पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के मुरारोई थाना क्षेत्र के आसमानपुर (राधापाड़ा) का रहने वाला है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। छापेमारी दल में एसडीपीओ कुमार गौरव, मालपहाड़ी ओपी प्रभारी विवेक कुमार, अनिल कुमार पंडित, मजिस्टर साह, मंगल किस्कू सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!