पाकुड़िया (पाकुड़)। पाकुड़िया प्रखंड के डोमनगड़िया गांव के समीप दो मोटरसाइकिलों के अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त होने से चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो युवक और दो महिलाएं शामिल हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, जामसोल गांव निवासी दो युवक मोटरसाइकिल से पाकुड़िया आ रहे थे। इसी दौरान डोमनगड़िया गांव की दो महिलाएं भी मोटरसाइकिल से पाकुड़िया की ओर जा रही थीं। इसी क्रम में दोनों मोटरसाइकिलें अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गईं। हादसे में जामसोल निवासी बाबूलाल हेंब्रम (22), पिता सुनील हेंब्रम और उबीलास सोरेन (17), पिता बाबूजी सोरेन गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों महिलाओं को भी गंभीर चोटें आई हैं। उनकी पहचान और घायलों की सही संख्या की विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी है। परिजन दोनों महिलाओं को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाकुड़िया लाने के बजाय सीधे रामपुरहाट ले गए। घटना की सूचना मिलते ही एएसआई चंद्रानंद ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल दोनों युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाकुड़िया पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. आयुष आजाद ने उनका प्राथमिक उपचार किया। उपचार के बाद दोनों युवकों की स्थिति में सुधार होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।







