Search

November 29, 2026 8:45 pm

लेटेस्ट न्यूज़

शिक्षक अब सिर्फ पाठ नहीं पढ़ाएंगे, बच्चों का भविष्य भी गढ़ेंगे, बाल विवाह रोकने में भी निभाएंगे जिम्मेदारी

10 नव नियुक्त सहायक आचार्यों को डीसी मेघा भारद्वाज ने सौंपा नियुक्ति पत्र, खेलो झारखंड के प्रतिभावान खिलाड़ी भी हुए सम्मानित

पाकुड़। झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर पाकुड़ में शिक्षा और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की पहल की गई। शनिवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में 10 नव नियुक्त सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। वहीं, खेलो झारखंड 2026-27 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया। नव नियुक्त शिक्षकों को संबोधित करते हुए डीसी मेघा भारद्वाज ने स्पष्ट कहा कि उनकी जिम्मेदारी केवल बच्चों को किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उनके व्यक्तित्व और भविष्य का निर्माण करना भी है। उन्होंने कहा कि पाकुड़ के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें बेहतर शैक्षणिक माहौल और सही मार्गदर्शन देने की। विद्यालयों में संचालित तीन शैक्षणिक मॉड्यूल का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कर बच्चों के सीखने का स्तर बेहतर बनाना शिक्षकों की प्राथमिकता होनी चाहिए। डीसी ने शिक्षकों को एक और महत्वपूर्ण सामाजिक जिम्मेदारी का अहसास कराया। उन्होंने बाल विवाह उन्मूलन के लिए संचालित प्रोजेक्ट ‘तारा’ का उल्लेख करते हुए कहा कि बाल विवाह रोकने में शिक्षक अहम भूमिका निभा सकते हैं। विद्यालयों में ऐसी बच्चियों की समय रहते पहचान कर उन्हें जागरूक और जरूरी सहयोग उपलब्ध कराया जाए, ताकि बाल विवाह मुक्त पाकुड़ का संकल्प साकार हो सके। वहीं, खेलो झारखंड में जिले के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उपायुक्त ने कहा कि बालक और बालिका टीमें लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। विद्यालयों से मिले प्रस्तावों के अनुरूप खेल सामग्री और सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जाएगी। बेहतर प्रशिक्षण और संसाधनों से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और राज्य स्तर पर पाकुड़ की रैंकिंग में भी सुधार आएगा।
समारोह में नवनियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, एडीपीओ समेत शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

IMG 20261128 WA0234
IMG 20261128 WA0229

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!