Search

November 28, 2026 10:58 pm

ग्रामीण आवास योजनाओं में पाकुड़ का डंका, सीएम हेमंत सोरेन ने किया सम्मानित

राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए डीडीसी अरविंद कुमार लाल को मिला प्रशस्ति पत्र, उपायुक्त ने पूरी टीम की मेहनत को बताया उपलब्धि का आधार

पाकुड़। ग्रामीण विकास के क्षेत्र में बेहतर कार्य करते हुए पाकुड़ जिले ने राज्य स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। ग्रामीण आवास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जिले को झारखंड सरकार ने सम्मानित किया है। झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर रांची के खेलगांव में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उप विकास आयुक्त अरविंद कुमार लाल को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। यह उपलब्धि ग्रामीण आवास योजनाओं को धरातल पर उतारने, पात्र लाभुकों तक सरकारी सहायता पहुंचाने और योजनाओं की नियमित निगरानी में जिला प्रशासन की सक्रियता का परिणाम मानी जा रही है। ग्रामीण विकास विभाग की ओर से मिला यह सम्मान जिला और प्रखंड स्तर पर अधिकारियों एवं कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय और सामूहिक प्रयासों की सफलता को दर्शाता है।

उपायुक्त ने टीमवर्क को दिया उपलब्धि का श्रेय।

इस उपलब्धि पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने उप विकास आयुक्त सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, जिला एवं प्रखंड समन्वयकों, पंचायत सचिवों, मुखियाओं और आवास योजनाओं के क्रियान्वयन में जुटे कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान किसी एक अधिकारी की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरी टीम की मेहनत, समर्पण और प्रतिबद्धता का परिणाम है।
उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद और पात्र परिवारों को पक्के आवास का लाभ दिलाने में सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों की भूमिका सराहनीय रही है। राज्य स्तर पर मिला यह सम्मान जिले के लिए गौरव की बात है। साथ ही यह जिम्मेदारी भी बढ़ाता है कि आगे योजनाओं का क्रियान्वयन और अधिक पारदर्शिता एवं तेजी से किया जाए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों से इसी टीम भावना के साथ काम जारी रखने तथा यह सुनिश्चित करने को कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!