Search

November 28, 2026 10:58 pm

सेंटू का तूफान, रोशन की घातक गेंदबाजी; पाकुड़ ने 355 रन से रौंदा संघमित्रा क्रिकेट क्लब।

164 रन की विस्फोटक पारी खेलने वाले सेंटू बने मैन ऑफ द मैच, रोशन ने झटके सात विकेट

पाकुड़। PDCA अंडर-23 यूथ क्रिकेट प्रतियोगिता में क्रिकेट एकेडमी ऑफ पाकुड़ ने बल्ले और गेंद दोनों से ऐसा दम दिखाया कि संघमित्रा क्रिकेट क्लब मुकाबले में कहीं टिक नहीं सका। दूसरे मैच में पाकुड़ की टीम ने 355 रनों के विशाल अंतर से एकतरफा जीत दर्ज की। टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए क्रिकेट एकेडमी ऑफ पाकुड़ ने निर्धारित 40 ओवर में 394 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के सेंटू कुमार यादव ने मैदान पर रनों की बरसात करते हुए महज 76 गेंदों में 15 छक्कों और 11 चौकों की मदद से 164 रन ठोक दिए। मो. अबू सऊद शेख ने 60 और अनमोल चौधरी ने 46 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। संघमित्रा की ओर से रेहान ने चार और तुहीन दास ने तीन विकेट लिए। 395 रनों के लक्ष्य के सामने संघमित्रा क्रिकेट क्लब की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। पूरी टीम 10.2 ओवर में महज 39 रन पर ढेर हो गई। अमन निजाम ने सर्वाधिक 23 रन बनाए। पाकुड़ के गेंदबाज रोशन कुमार मिश्रा ने कहर बरपाते हुए सात विकेट अपने नाम किए। 164 रनों की आतिशी पारी के लिए सेंटू कुमार यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच में अंपायर की भूमिका दिवाकांत पांडे और शमशुद बिस्वास ने निभाई। इस दौरान पाकुड़ जिला क्रिकेट संघ के सचिव प्रणय तिवारी, संयोजक आशुतोष यादव और सदस्य गौरव चौधरी मौजूद रहे।

IMG 20261128 WA0269
IMG 20261128 WA0268

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!