अब्दुल अंसारी
पाकुड़िया प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी नौरिक रविदास ने शनिवार को प्रखंड के कई प्रज्ञा केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया । प्रखंड मुख्यालय के सामने गणेश ऑनलाइन सेंटर में चला रहे सीएससी का भी निरीक्षण किया । उन्होंने निरीक्षण के दौरान सभी प्रज्ञा केंद्र संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि कोई भी प्रज्ञा केंद्र संचालक गलत तरीके से लोगों का राशन कार्ड अप्लाई न करें । उन्होंने कहा कि अगर कोई भी प्रज्ञा केंद्र संचालक द्वारा फर्जी तरीके से लोगों का राशन कार्ड अप्लाई किया जाता है और इसकी सूचना मिलती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्यवाही करते हुए एफआईआर दर्ज करवाया जायेगा । इस बाबत एमओ ने बताया कि सरकार फर्जी राशन कार्ड के खिलाफ अभियान चला रही है ताकि सही लाभुकों को राशन कार्ड का लाभ मिल सके । परंतु कुछ प्रज्ञा केंद्र संचालकों के द्वारा फर्जी तरीके से सामान्य वर्ग के लोगों को एसटी – एससी का ऑनलाइन किया जा रहा है । साथ ही सरकार का नियम है कि पांच साल से कम उम्र के बच्चों का राशन कार्ड में नाम नहीं चढ़ाना है । परंतु कुछ प्रज्ञा केंद्र संचालकों के द्वारा बच्चों की उम्र को फर्जी तरीके से बढ़ा कर राशन कार्ड ऑनलाइन में एंट्री की जा रही है । इस तरह के संचालकों के खिलाफ चिन्हित कर प्रशासन जल्द ही कार्यवाही करेगी । एमओ ने बताया कि फर्जी तरीके से राशन का लाभ लेने वाले लाभुक एवं प्रज्ञा केन्द्र संचालकों के खिलाफ कारवाई करते हुए थाना में एफआईआर दर्ज करवायें । साथ ही प्रज्ञा केंद्र संचालक का लाइसेंस भी रद्द करवाया जाएगा । उन्होंने बताया कि ग्रीन कार्ड धारकों के लिए दिसंबर माह का राशन आ चुका है । कार्डधारक अपने नजदीकी डीलर से संपर्क कर राशन ले सकते हैं और साथ ही कार्डधारकों को सरकार द्वारा चलाई जा रही धोती साड़ी योजना के तहत धोती साड़ी भी 10 रुपये प्रति पीस उपलब्ध कराया जाएगा । लाभुकों से धोती साड़ी में प्रति पीस 10 रुपये से ज्यादा लेने की शिकायत आने पर डीलर के ऊपर कार्यवाही की जाएगी ।





