प्रशांत मंडल
पाकुड़/लिट्टीपाड़ा: प्रखंड क्षेत्र के जामजोड़ी पंचायत अंतर्गत पिपरा मारीडीह टोला में बीती रात आई तेज आंधी ने व्यापक तबाही मचाई। आंधी के दौरान एक विशाल पेड़ बिजली के तार पर गिर गया, जिससे पूरे टोले की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। करीब 25 घरों वाला यह टोला अंधेरे में डूबा हुआ है। बिजली बाधित होने से ग्रामीणों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। रात में अंधेरा रहने से सुरक्षा की चिंता बढ़ गई है, वहीं भीषण गर्मी के बीच बिजली नहीं रहने से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। आंधी का असर क्षेत्र के आम बागानों पर भी साफ देखा गया। तेज हवा के कारण बड़ी संख्या में आम गिरकर खराब हो गए, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मौसम में आम उनकी आय का प्रमुख सहारा होता है, लेकिन इस आंधी ने उनकी उम्मीदों को झटका दिया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से अविलंब गिरे पेड़ को हटाने और क्षतिग्रस्त तारों की मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि जल्द से जल्द हालात सामान्य हो सकें।








