बजरंग पंडित
पाकुड़: अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महेशपुर नवनीत हेम्ब्रम ने सोमवार को अपने कार्यालय कक्ष में मासिक अपराध गोष्ठी की। मासिक गोष्ठी में एसडीपीओ ने बारी-बारी से सभी थानों के लंबित कांडों, यूडी कांडों, पूर्व से तथा विगत माह तक के सभी प्रकार के लंबित व प्रतिवेदित कांडों की समीक्षा की। समीक्षा के पश्चात उसके, त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया। गोष्ठी में एसडीपीओ ने उपस्थित थाना प्रभारियों को अपने- अपने संबंधित क्षेत्र में खनिज के अवैध रुप से उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण पर हर हाल में रोक लगाने का सख्त निर्देश दिया। गोष्ठी में फिरारियों की सूची तैयार कर सत्यापन करने वारंटियों की गिरफ्तारी करने, नियमित रूप से रात्रि गश्ती करने का निर्देश दिया। एसडीपीओ ने अवैध लॉटरी के धंधे तथा जुआ के खेल पर कड़ी नजर रखते हुए बंद कराने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने शराब के नशे में वाहन चलाने वालों पर भी पैनी नजर बनाए रखने का निर्देश दिया। दुर्गा पूजा तथा लक्ष्मी पूजा पर्व को लेकर सभी थाना प्रभारियों को थाना क्षेत्र में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया।एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार थाने में आने-जाने वाले लोगों की जानकारी पंजी में अवश्य दर्ज करने का निर्देश सभी थाना प्रभारी को दिया गया। जेल से मुक्त हुए अपराधियों जिनके खिलाफ आर्म्स एक्ट, लूट, डकैती वाले अपराधियों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया।गोष्ठी बैठक में महेशपुर पुलिस निरीक्षक प्रभू सहाय एक्का, महेशपुर थाना प्रभारी आनंद पंडित, रद्दीपुर ओपी प्रभारी चंदन कुमार गुप्ता, अमड़ापाड़ा पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव, पाकुड़िया थाना प्रभारी अभिषेक राय शामिल थे।





