प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़): भारत की जनगणना–2027 के प्रथम चरण को सफल बनाने के उद्देश्य से प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सोमवार को राजकीयकृत +2 विद्यालय, लिट्टीपाड़ा में विधिवत शुभारंभ हुआ। 27 अप्रैल 2026 से शुरू यह प्रशिक्षण प्रथम एवं द्वितीय बैच के लिए आयोजित किया गया है। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी कमल पहाड़िया, सहायक चार्ज पदाधिकारी सह प्रभारी सांख्यिकी पर्यवेक्षक के.सी. दास, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, जनगणना टेक्निकल एक्सपर्ट शशि कपूर साहा एवं फील्ड ट्रेनरों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन अवसर पर कमल पहाड़िया ने कहा कि जनगणना देश के विकास की नींव है और इसके आंकड़े ही भविष्य की योजनाओं की दिशा तय करते हैं। उन्होंने सभी कर्मियों से जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया। के.सी. दास ने प्रशिक्षण की उपयोगिता पर जोर देते हुए कहा कि तकनीकी दक्षता और व्यवहारिक समझ के बिना सटीक आंकड़े संभव नहीं हैं, इसलिए यह प्रशिक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रशिक्षण सत्र में फील्ड ट्रेनर नवीन कुमार सिंह, संजय कुमार, रंजीत कुमार वर्मा और प्रणव कुमार सेन ने प्रतिभागियों को विस्तार से जानकारी दी। प्रथम चरण में घर-घर सर्वे, परिवारों का सही विवरण, मानचित्रण एवं जियो टैगिंग के जरिए क्षेत्र निर्धारण की प्रक्रिया समझाई गई। द्वितीय चरण में प्रत्येक व्यक्ति का विस्तृत विवरण दर्ज करने, स्व-गणना करने वाले परिवारों के सत्यापन तथा डेटा की गोपनीयता और शुद्धता बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया। इसके अलावा पर्यवेक्षकों को निगरानी, पूर्ण कवरेज सुनिश्चित करने और समयबद्ध व त्रुटिरहित तरीके से कार्य निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशिक्षण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रगणक एवं पर्यवेक्षक मौजूद रहे।






