अमर भगत
पाकुड़: पचुवाड़ा सेंट्रल कोल ब्लॉक की आवंटी पीएसपीसीएल एवं पचुवाड़ा नार्थ कोल ब्लॉक की आवंटी डब्लूपीडीसीएल के संयुक्त तत्त्वाधान में गुरुवार को अमीरजोला स्थित दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड(डीबीएल) के प्रशासनिक कार्यालय में गुरुवार को एचईएमएम(भारी मशीनों) के सुरक्षित संचालन और कार्य के दौरान नुकसान की संभावना कम करने को लेकर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में खान सुरक्षा महानिदेशालय धनबाद के निदेशक डॉ सागेश कुमार, डीजीएमएस के मैकेनिकल विभाग के निदेशक सुरेश कुमार पड़ेड़ा मौजूद थे। दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यशाला की शुरुआत की गई। वहीं सभी लोगों को कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने की शपथ दिलाई गई। कार्यशाला में डॉ सागेश कुमार, डीजीएमएस के पदाधिकारी मिथलेश कुमार, डब्लूपीडीसीएल के खनन सलाहकार आलोक कुमार ने विस्तृत रूप से कोयला खनन क्षेत्र में चलने वाली भारी और बड़ी मशीनों के सुरक्षित संचालन, सक्षम व्यक्ति के कर्तव्य और मशीन के सुरक्षा मानकों से संबंधित जानकारी दी।
मशीन ऑपरेटरों को दी गयी जानकारी :- कार्यशाला में मौजूद कोल कंपनी के पदाधिकारियों, कर्मियों, बड़ी मशीनों को चलाने वाले चालकों को मशीनों की देख-रेख, रखरखाव सहित भारी मशीनों को चलाने के दौरान सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए बड़ी मशीनों को चलाने को लेकर प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही सावधानी पूर्वक मशीनों को चलाने की जानकारी दी गयी। वहीं कर्मचारियों को कार्य पर जाने और कार्य समाप्ति पर रजिस्टर में अपना नाम दर्ज करने, ड्यूटी के दौरान सावधानी बरतने, बड़ी मशीनों को चलाने के दौरान सीट बेल्ट लगाने, खनन क्षेत्र में हेलमेट पहनकर रहने सहित मशीनों को चलाने के दौरान धूम्रपान नहीं करने को लेकर जागरूक किया गया। वहीं सभी कर्मचारियों को मशीनों को चलाने के लिए बनाए गए नियम और कानून के अंतर्गत कार्य करने की सलाह दी गयी। बैठक में डब्लूपीडीसीएल के जीएम रामाशीष चटर्जी, पीएसपीसीएल के माइंस मैनेजर राकेश सिंह, डीबीएल के एचआर प्रिंस कुमार, डीबीएल के संजय दास, बीजीआर एवं डीबीएल के दर्जनों कर्मचारी सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।









