प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़): थाना क्षेत्र के फुलपहाड़ी गांव में बुधवार को महज 5 फीट रास्ते की जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलने लगे। इस घटना में महिलाओं समेत दोनों पक्षों के कुल 8 लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही लिट्टीपाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लिट्टीपाड़ा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सभी का प्राथमिक उपचार किया।
चिकित्सकों के अनुसार प्रथम पक्ष के रूखसाना बीबी और नूरुल अंसारी की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल पाकुड़ रेफर कर दिया गया है। घायलों में प्रथम पक्ष के अलीमुद्दीन सरदार, रूखसाना बीबी (26) और नूरुल अंसारी (29) शामिल हैं। वहीं दूसरे पक्ष के सबीब अंसारी (17), आसीकुल अंसारी (15), हबीब अंसारी (17), रजीना बीबी (35) और समीरन बीबी (34) घायल हुए हैं। फिलहाल पुलिस गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ पूरे मामले की जांच में जुटी है। दोनों पक्षों की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।








