बजरंग पंडित
प्रखंड सभागार पाकुड़िया में बुधवार को बीडीओ सह सीडीपीओ साइमन मरांडी ने झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के सफल क्रियान्वयन को लेकर सभी महिला पर्यवेक्षिका एवं आंगनबाड़ी सेविकाओं के साथ बैठक किया । बैठक में उपस्थित पर्यवेक्षिका चित्रलेखा ने झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी एवं विभाग से उपलब्ध कराए गए प्रपत्र और बैनर सभी आंगनबाड़ी सेविकाओं को उपलब्ध कराया। बैठक में बीडीओ साइमन मरांडी ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा 21 वर्ष उम्र से 49 वर्ष तक की महिलाओं को आर्थिक सहायता के रूप में प्रत्येक माह 1000 रुपए प्रदान करने के उद्देश्य से झारखण्ड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना लाई गई है। इस योजना से पाकुड़िया प्रखंड के सभी 18 पंचायतों के योग्य लाभुकों को अच्छादित करने के लिए आगामी 3 से 10 अगस्त तक सभी पंचायत भवनो में पंचायत स्तरीय शिविरों का आयोजन रखा गया है। लाभुकों को आवेदन जमा करने के लिए पंचायत भवन में लगने वाले शिविर में आना होगा। पंचायत भवन में ही आवेदनों को पोर्टल में नि:शुल्क इंट्री वीएलई द्वारा की जाएगी । ग्राम स्तर पर महिलाओं को योजना का लाभ उठाने हेतु जागरूक करने का निर्देश दिया गया ।आवेदन पत्र आंगनबाड़ी केन्द्रों के सेविका को नि:शुल्क वितरण करने का निर्देश दिया गया। साथ ही कहा कि आवेदिका को आवेदन पत्र के साथ अपना मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड, आधार लिंक्ड सिंगल बैंक खाता का पासबुक, पीला , लाल, हरा या सफेद राशन कार्ड का छाया प्रति,आवेदिका का रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, पात्रता संबंधी घोषणा पत्र और मोबाईल नम्बर देना होगा। रजिस्ट्रेशन का ओटीपी के लिए आवेदिका को अपना मोबाईल भी लाना जरूरी है । जिन लाभुकों को महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग, झारखण्ड, राँची से संचालित किसी अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ पूर्व से प्राप्त हो रहा हो,उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा । ईपीएफ धारी आवेदक महिला भी इस योजना का लाभ नहीं ले सकती है।मौके पर बीपीआरओ त्रिदीप शील सभी महिला पर्यवेक्षिका एवं प्रखंड अंतर्गत सभी आंगनवाड़ी सेविका उपस्थित थी।





